Eight out of 110 complaints disposed of in the Total Resolution Day
- फोटो : KAUSHAMBI
संपूर्ण समाधान दिवस में 110 में आठ शिकायतें निपटीं
चायल तहसील में डीएम-एसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चायल तहसील में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में करीब 110 लोगों ने अपनी समस्याएं सुनाईं। इसमें करीब आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
चायल तहसील में मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां आए 110 शिकायती पत्रों के सापेक्ष आठ लोगों को इंसाफ दिलाया गया। इसके अलावा अन्य मामलों को निस्तारण के लिए सम्बंघित विभाग के अफसरों को दिया गया है। डीएम ने कहा कि सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रम में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं है। अफसरों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक भूमि, तालाब, चरागाह आदि की जमीन पर अतिक्रमण नहीं होने पाए। सैयद सरावां के लल्लू चौरसिया का कहना था कि उसे किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिला है। जबकि सूची में उसका नाम है। डीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पंसौर के उदय सिंह, अरविंद कुमार, संदीप कुमार, पंकज आदि का कहना था गांव में नाली बनाए जाने की मांग कई बार की जा चुकी है। इसके बाद भी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई। बरसात के दिनों में बस्ती के हालात तालाबों जैसे हो जाते हैं। सिहोरवा के राम प्रसाद का दावा था कि प्रधानमंत्री आवास के लिए वह पात्र है। इसके बाद भी उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिला। डीएम ने सीडीओ को जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी, एसडीएम चायल सुल्तान अशरफ सिद्दीकी, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।