डंपर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत
साथी जिला अस्पताल से रेफर किया गया एसआरएन, कोहराम
मंझनपुर/पश्चिमशरीरा। पूरबशरीरा गांव के समीप रविवार शाम एक बेकाबू डंपर ने बाइक सवार सब्जी विक्रेताओं को रौंद दिया। जिला चिकित्सालय में एक की मौत हो गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के दमा का पूरा निवासी सुनील कुमार (40) पुत्र सुखलाल व पूरबशरीरा निवासी अशोक कुमार (35) पुत्र बाबूलाल सब्जी बेचकर परिवार का खर्च चलाते हैं। रविवार शाम दोनों एक ही बाइक से सब्जी बेचने गोराजू बाजार जा रहे थे। पूरबशरीरा के समीप पीछे से आए बेकाबू डंपर ने इसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अशोक की सांसें थम गईं। जबकि सुनील को गंभीर अवस्था में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। अशोक की मौत के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यूपी-100 पुलिस ने डंपर को चालक सहित पकड़ लिया है। एफआईआर के लिए शाम तक परिजनों की तहरीर का इंतजार होता रहा।