क्षेत्र के जयंतीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे डंपर और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे प्रयागराज ले गए।
बेरुई निवासी अनुराग यादव पुत्र रामसुरेमन बोलेरो से वाराणसी से अपने घर लौट रहे थे। वह पारले कंपनी में कार्यरत हैं। इसी दौरान तिल्हापुर मोड़ की ओर जा रहे डंपर से जयंतीपुर गांव के पास उनकी बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनुराग को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सीओ चायल अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे के दौरान बोलेरो का एयरबैग खुल गया था, जिससे चालक की जान बच गई।