सिराथू। कस्बे में बृहस्पतिवार भोर चालक को झपकी आने से कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित घर में घुस गया। दुर्घटना में एक कार और तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को बाहर निकाला। इस दौरान करीब घंटे तक जाम लगा रहा।
कानपुर नगर के 123/96 सुरेश बाग निवासी अजय सिंह बृहस्पतिवार को सतना (मध्यप्रदेश) से सीमेंट लदे कैप्सूल टैंकर को लेकर लखनऊ जा रहा था। भोर चार बजे सिराथू कस्बे के पास चालक को झपकी आ गई। इससे टैंकर अनियंत्रित होकर सैनी रोड स्थित आलोक कुमार केसरवानी के घर में घुस गया।
घर में टिन शेड के नीचे खड़ी कार समेत पड़ोसी मानिकचंद और अनंत प्रकाश सोनी के मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक भी मामूली रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी है।
वहीं, प्रभावित घरों के लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से घर में घुसे टैंकर को बाहर निकलवाया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। क्षतिग्रस्त हुए मकान को लेकर पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है।