करारी। इलाके के महेंद्र गांव में सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। जबकि दो अन्य अभियुक्तों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
महेन्द्र गांव में सोमवार को रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। लाठी-डंडे की चपेट में आने से एक पक्ष की संतोषी देवी पत्नी रामलखन व दूसरी तरफ के चौबेलाल पुत्र दूनी की मौत हो गई थी। मामले में संतोषी के बेटे अरविंद कुमार की तहरीर पर पांच और चौबेलाल के भाई शिवमोहन की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
बुधवार को पुलिस ने मृतक महिला पक्ष के आरोपी रामलखन रैदास पुत्र माईदीन, उसके बेटे अरविंद व शीलू उर्फ मनीष को पकड़कर जेल भेजा था। इसके बाद गुरुवार सुबह सीओ सिटी एसएन पाठक को सूचना मिली कि अन्य चार आरोपी भी घर में छिपे हुए हैं। उनके निर्देश पर करारी कोतवाल अशोक कुमार ने फोर्स संग दबिश देकर आरोपी हरिश्चंद्र पुत्र रामऔतार, कमल सिंह, जयसिंह व ज्ञान सिंह पुत्रगण शिवमोहन गिरफ्तार कर लिया। ये सभी आरोपी मृतक चौबेलाल के पक्ष के हैं। सीओ ने बताया कि फरार दो अभियुक्तों को भी जल्द ही गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।