खटका गांव में एक नवजात बालक का शव आवारा कुत्ते नोच कर खा रहे थे और लोग देखकर भी नजरअंदाज कर रहे थे। बच्चों ने कुत्तों को पत्थर फेंक कर भगाया। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
वॉर्ड चार श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, तेलैया टीकुर निवासी चौकीदार अशोक कुमार ने बताया कि सात मार्च की दोपहर करीब तीन बजे वह क्षेत्र में घूमने निकले थे। इसी दौरान खटका निवासी मिश्रीलाल के घर के पीछे एक कुत्ता नवजात बालक के शव को नोंचते-घसीटते हुए लेकर पहुंचा। साथ में कई कुत्ते थे। कुत्ते के मुंह में दबे मासूम के मांस के लोथड़े को देखकर भी आसपास मौजूद लोग अनजान बने रहे। कुछ बच्चों ने हिम्मत दिखाई और पथराव कर कुत्तों को खदेड़ा।
थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि चौकीदार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है। घटना का जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।