चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के फुलवा गांव में गुरुवार सुबह रंजिश के चलते दो पक्ष भिड़ गए। इनके बीच लाठी-डंडे चले। फायरिंग भी की गई। गोली लगने से दो तथा लाठी, डंडे की चपेट में आने से करीब 23 लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने 25 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि फुलवा निवासी लालता प्रसाद की पड़ोस के रामनेवाज से रंजिश है। इसे लेकर इनके बीच आए दिन कहासुनी होती रहती है। गुरुवार सुबह भी बहस होने लगी। इसी बीच दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे व अवैध असलहे से लैश होकर मौके पर आ गए। इन्होंने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। लालता तथा उसके परिवार के ही गेंदालाल को हाथ में गोली लग गई है। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में लालता की तहरीर पर शैलेंद्र, राकेश, बद्री, लोहगरी, इंद्रपाल, रामनिवास, रामविलास, अभिराज, कुलदीप, संदीप, जितेंद्र, कृष्णा, मंजीत, अनिल व मंजुल आदि के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी तरफ से नामनेवाज की तहरीर पर दिलीप, बुद्दू, शनि, विजय, विमल, प्रहलाद, अवधेश, अशर्फी, सरजीत व आशुतोष आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। जिनके खिलाफ एफआईआर हुई है, वे सभी लोग घायल हैं। वहीं झगड़े के दौरान करीब दस राउंड फायरिंग से ग्रामीण सहम गए। गांव वालों ने बीच-बचाव किया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल व अन्य को चायल पीएचसी में भर्ती कराया गया है।