जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में कर-करेत्तर और राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति न होने पर सख्ती दिखाई है। वाणिज्यकर, वन और खनन विभाग में अपेक्षित राजस्व वसूली न होने पर संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी है। बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता सिंचाई का वेतन रोकने के आदेश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्टॉम्प-रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, विद्युत व मंडी विभागों को लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। तहसीलवार आरसी वसूली में कमजोर प्रगति पर सभी तहसीलदारों को चेतावनी देते हुए दैनिक समीक्षा के आदेश दिए। साथ ही राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण, सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने, भू-माफियाओं पर कार्रवाई और जनसुनवाई की शिकायतों के समाधान को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।