मंझनपुर। राजस्व वादों का समय से निस्तारण नहीं होने से खफा डीएम राजमणि यादव ने शुक्रवार को चायल तहसीलदार को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी। उन्होंने वादों के निस्तारण की धीमी प्रगति पर तीनों तहसीलों के एसडीएम और तहसीलदारों को भी चेतावनी दी है। जिलाधिकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने गेहूं क्रय केन्द्रों, पोषण मिशन, शिक्षा, जल निगम, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की।
कलेक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में डीएम राजमणि यादव ने शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही दिखाने पर उन्होंने चायल तहसीलदार महेन्द्र कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिया कि राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने धनराशि उपलब्ध होने के बाद भी निर्धारित समय पर काम नहीं होने को लेकर कार्यदाई संस्थाओं को भी कड़ी फटकार लगाई।
निर्देश दिया कि 15 दिन के भीतर काम पूरा नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। गेहूं क्रय केन्द्रों की समीक्षा करते हुए डीएम ने डिप्टी आरएमओ विनीता मिश्रा को निर्देश दिया कि जिले के सभी 39 केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में गंभीरता दिखाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि केन्द्रों पर केवल नए गेहूं की ही खरीद हो। डिप्टी आरएमओ ने डीएम को बताया कि गेहूं की खरीद में जिलेे की स्थिति मंडल में सबसे बेहतर है। बैठक में सीडीओ बीएन मिश्र समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।