डीएम ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवा के हालात के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सरकारी चिकित्सकों से निजी अस्पताल में प्रैक्टिस नहीं करने की सख्त हिदायत देते हुए इस आशय का शपथपत्र मांगा।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में कार्यरत सभी डॉक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस नहीं करने का शपथ-पत्र शनिवार को उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमओ को दिए। चेताया कि इसमें किसी भी तरह की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
डीएम ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी चिकित्सक प्राइवेट प्रैक्टिस करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधि संगत कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य राज्य चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. हरिओम सिंह, सीएमओ संजय कुमार, सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला आदि मौजूद रहे।