डीएम और डीपीआरओ ने विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले छह से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर नोटिस जारी कर इनसे जवाब-तलब किया है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जिला प्रोबेशन कार्यालय के संरक्षण अधिकारी विपिन कुमार और अजीत कुमार को बैठक में गलत आंकड़े प्रस्तुत करने पर जवाब-तलब किया है। वहीं, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने सिराथू ब्लॉक के कुंड्रावी निवासी राजू सोनकर की शिकायत पर पूर्व ग्राम पंचायत अधिकारी प्रदीप कुमार सरोज, तत्कालीन सचिव विपुल कुमार और सतीश चौधरी को नोटिस जारी किया है।
इसी तरह सचिव मूरतगंज राहुल सिंह को हर घर सूर्य योजना में लापरवाही पर बीडीओ मूरतगंज ने नोटिस थमाया है। रुपम शुक्ला, जो वर्तमान में निलंबित हैं, पर भी कार्रवाई की गई है। आईजीआरएस शिकायत में काजू गांव की रेखा देवी ने आवास की मांग की थी लेकिन सर्वे तक नहीं किया गया। मूतरगंज में तैनात सचिव अजीत कुमार सिंह को एक साथ 75 ग्रामीणों को शौचालय योजना में अपात्र घोषित करने के मामले में नोटिस दिया गया है।
ब्लॉक के मोहनापुर प्रधान श्यामकली और सचिव धनराज सिंह को स्वच्छ भारत मिशन के तहत चयनित मॉडल ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण अधूरा छोड़ने पर नोटिस जारी किया गया। साथ ही सहायक विकास अधिकारी चायल और एडीओ पंचायत मूरतगंज को भी आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नोटिस दिया गया है।