जनपद के सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तहसील चायल में शिकायतों को सुना।
इस दौरान राजस्व से संबंधित शिकायतों पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत को निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तहसील दिवस और आईजीआरएस शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिया।
चायल तहसील की 36 शिकायतों में से एक, मंझनपुर तहसील की 28 शिकायतों में से दो और सिराथू तहसील की कुल 35 शिकायतों में से दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
जख्मी भाई को कब्रिस्तान में छोड़ भागा रिक्शा चालक
चायल। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में काशिया पूरब निवासी लवकुश पटेल ने एडीएम से शिकायत की कि 2 सितंबर को भरवारी निवासी युवक ने लापरवाही से रिक्शा पलट दिया, जिससे उसका भाई सुनील कुमार घायल हो गया। आरोपी देर रात घायल को घर के पास कब्रिस्तान में छोड़कर भाग गया। परिजनों ने एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक देख उसे एसआरएन रेफर किया गया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। एडीएम ने कोखराज पुलिस को जांच के निर्देश दिए।