जिला जज दिलीप कुमार व डीएम मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को जिला कारागार में छापा मारा। औचक निरीक्षण कर बंदियों का हालचाल जाना। गंदगी देख नाराजगी जताई गई। इसी दौरान एक हत्यारोपी बंदी गंभीर हालत में मिला तो डीएम ने जेल प्रशासन को जमकर फटकारा। डीएम के निर्देश पर बंदी को जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
गुरुवार को जिला जज व डीएम ने जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के वहां पहुंचते ही हड़कंप मच गया। जिला जज व डीएम ने बंदियों से मुलाकात कर बातचीत की। साथ ही उन्हें जेल से मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। भोजन की गुणववत्ता पर अधिकारियों का फोकस रहा। इसके बाद जेल की साफ-सफाई देखी गई। गंदगी मिलने पर जेलर आरके सिंह को हिदायत दी गई।
इसी दौरान एक बैरक में हत्यारोपी शशिभूषण गंभीर हालत में मिला। वह कई दिनों से बीमार था। जेल अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो रहा था। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जेलर से पूछताछ की। इस दौरान इलाज में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने जेलर को जमकर फटकारा। इसके बाद उसको जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर डॉक्टरों ने उसे एसआरएन (इलाहाबाद) रेफर कर दिया।