संदीपनघाट के मूरतगंज-पल्हाना रोड पर बृहस्पतिवार को स्कूल गई बेटी के घर नहीं लौटने और उसका मोबाइल फोन बंद होने से परेशान उसकी मां पार्वती साड़ी का फंदा लगाकर लटक गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की औपचारिकताएं पूरी कीं लेकिन बेटी का पता नहीं चला।
पार्वती के पति राजू ने बताया कि संदीपनघाट क्षेत्र के मूरतगंज-पल्हाना रोड निवासी राजू गुप्ता की पत्नी पार्वती गुप्ता (42) की 18 वर्षीय इकलौती बेटी क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। पिता राजू के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह बेटी रोज की तरह स्कूल गई थी। वह आमतौर पर दोपहर करीब 2:30 बजे तक घर लौट आती थी, लेकिन बृहस्पतिवार को देर तक नहीं आई।
राजू ने पुलिस को बताया कि मां पार्वती ने बेटी को फोन किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इससे वह घबरा गई। कुछ देर बाद पार्वती घर के भीतर वाले कमरे में चली गई। काफी देर तक नहीं दिखी तो राजू कमरे में पहुंचा। वहां छत में लगे पंखे से साड़ी के फंदे से पार्वती लटकी थी। यह देख राजू चीख पड़ा। उसने रो-रोकर लोगों को बुलाया।
पड़ोसियों की मदद से पार्वती को गंभीर हालत में फंदे से उतार कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पार्वती को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह नागर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लापता छात्रा की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पार्वती की मौत के मामले में कार्रवाई की जाएगी।
नवंबर में होनी थी इकलौती बेटी की शादी
पिता राजू के मुताबिक, बेटी की करीब एक महीने पहले फतेहपुर जिले में सगाई हुई थी। उसकी शादी 25 नवंबर को तय थी। परिवार में बेटी की शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल बनने वाला था, इससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। मां की मौत और बेटी के लापता होने से राजू और अन्य परिजन सदमे में हैं।
पल्हना रोड पर मृतक के घर पर लगी लोगों की भीड़, मौजूद पुलिस कर्मी। संवाद