नेशनल हाईवे पर बुधवार से नकदी की झंझट खत्म होगी अब यहां केवल डिजिटल पेमेंट होगा। कैश से भुगतान पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नए नियम रात 12 बजे से लागू हो रहे हैं। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को फास्टैग और यूपीआई से ही भुगतान करना होगा। इससे टोल पर लगने वाली लंबी कतारों से भी राहत मिलने के आसार हैं।
कोखराज टोल प्लाजा के प्रबंधक अनूप कुमार पांडेय के मुताबिक, अब हर वाहन में एक्टिव और रिचार्ज फास्टैग होना जरूरी है। अगर किसी वजह से फास्टैग काम नहीं करता है तो यूपीआई से पेमेंट का विकल्प दिया गया है। नकद भुगतान पर रोक लगाई गई है। जिले से करीब 95 किमी लंबा हाईवे व उसका बाईपास गुजरा है। यहां से रोजाना 15 से 20 हजार वाहन गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों को बनेगा पास
टोल प्लाजा मैनेजर ने बताया कि स्थानीय लोगों को टोल राहत देने का काम किया गया है। 20 किमी के दायरे में रहने वाले गैर-वाणिज्यिक वाहनों का मासिक पास 360 रुपये और वार्षिक पास (200 ट्रिप) 3075 रुपये होगा।
यह होगी नई दर :
- कार, जीप व वैन - 220 से 225 रुपये।
- हल्के व्यावसायिक वाहन - 350 से 356 रुपये।
- बस व ट्रक - 740 से 755 रुपये।
- 12 चक्का वाहन- 805 से 825 रुपये।
- 14 से 22 चक्का वाहन- 1155 से 1185 रुपये।
- अन्य भारी वाहन- 1410 से 1445 रुपये।