अखिल भारतीय धनगर महासभा ने समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र नहीं देने पर आक्रोश जताया है। बुधवार को समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग दोहराई। समाज के लोग नौ अगस्त को प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर ने कहा कि उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने अपने निर्णय में कहा है कि धनगर जाति गड़रिया जाति की उपजाति है। धनगर जाति अनुसूचित जाति में आती है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने भी 3 दिसंबर 2012 को अपने निर्णय में धनगर जाति को जाति प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया है। इसे लेकर 24 अक्तूबर 2013 को शासनादेश जारी किया जा चुका है। जिस पर प्रदेश के कई जिलों में धनगर समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र दिया जा रहा है।
जबकि कौशाम्बी में जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में हीलाहवाली की जा रही है। चेताया कि जल्द ही जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया तो इसका खामियाजा आने वाले चुनाव में सपा को भुगतना पड़ेगा। आरोप लगाया कि बसपा शासनकाल में भी धनगर समाज के लोगों के साथ अन्याय किया गया। जिसका खामियाजा बसपा को भुगतना पड़ा। कहा कि नौ अगस्त को प्रदेशव्यापी आंदोलन में समाज के लोग जिला मुख्यालयों पर जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग को लेकर धरना देंगे।
इस मौके पर रामानंद पाल, रमेश पाल धनगर, वेदप्रकाश पाल धनगर, धर्मराज पाल धनगर, राजमकल पाल धनगर, श्यामलाल पाल धनगर, बच्चन पाल धनगर, शिवप्रकाश धनगर, अनुज धनगर, धर्मेंद धनगर आदि उपस्थित रहे।