जिले के विभिन्न इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं का कहना था कि समाज कल्याण विभाग सत्र-2018-19 के फार्म फारवर्ड नहीं कर रहा है।
पवन भारती, आशु चौधरी, राज कुमार कनौजिया आदि की अगुवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे छात्र-छात्राओं का कहना था कि उनके छात्रवृत्ति का फार्म समाज कल्याण विभाग फारवर्ड नहीं कर रहा है। विभाग का कहना है कि जिन छात्र-छात्राओं का प्रवेश काउंसिलिंग से होगा, उन्हीं के फार्म फारवर्ड किए जाएंगे। जबकि प्रबंधकीय कोटा व स्पाट एडमिशन को छात्रवृत्ति देय नहीं होगी। छात्रों का कहना है कि प्रदेश के अन्य जनपदों में फार्म फारवर्ड कर दिए गए हैं। छात्रों ने जिलाधिकारी से छात्रवृत्ति दिलाने की मांग की है। इस मौके पर मनोज कुमार, राजेंद्र प्रसाद, अमितेश वर्मा, राजाराम, विपिन कुमार, मोनिका, प्रतिमा, सुनैना आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।