पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों से खफा चायल क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। समाजसेवियों ने चायल तहसील में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की साथ ही प्रदर्शन किया। इसके बाद एक कार को आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
अधिवक्ता दानिश अली की अगुवाई में इलाकाई समाजसेवियों ने शनिवार को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर तहसील मैदान पर प्रदर्शन किया। हाथों में महंगाई के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समाजसेवी दानिश अली ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोईं गैस के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं। महिला उत्पीड़न की घटनाओं में इजाफा हुआ है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। देश-प्रदेश की भाजपा सरकार सभी मोर्चे पर फेल हो गई है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धक्का देकर लाई गई एक पुरानी कार में आग लगाकर विरोध दर्ज कराया। अचानक कार को धूं-धूं कर जलता देख मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
इस मौके पर कौशलेंद्र सिंह पटेल, देवेंद्र सिंह, वसी अहमद सिद्दीकी, बैरागी पटेल, उमेश पाल, अरविंद पाल, सुनील सिंह पटेल, कन्हई लाल, राज रैदास, वासु खान, जय नारायण सोनी, रिंकू सिंह, राजेश सिंह और संजय सिंह मौजूद रहे। उधर, सीओ चायल राजकुमार त्रिपाठी ने तहसील परिसर में प्रदर्शन के इस तरीके पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि प्रशासन-पुलिस को बिना सूचना दिए इस तरह से प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।