मंझनपुर (ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी की बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में हुई। चुनाव में स्थानीय प्रत्याशी उतारने को लेकर आवाज उठी। कार्यकर्ताओं ने बाहरी प्रत्याशी आने पर विरोध की चेतावनी दी।
बैठक में जिलाध्यक्ष खड्ग सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वोटरों के छूटे नाम सूची में दर्ज करवाने का निर्देश दिया। जिला महासचिव अनवार अहमद ने कहा कि सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारी में जुट जाएं।
जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाते हुए लोगों को पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए तैयार करें। इसी बीच कुछ पदाधिकारियों ने चुनाव में बाहरी प्रत्याशी उतारने पर विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने की मांग उठाई। अंत में समाजवादी युवजन सभा के नवनियुक्त प्रदेश सचिव शमशाद बख्श व मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष सादाब अहमद का पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व सांसद सुरेश पासी, मौला बख्श, चंद्रबली पटेल, अनीस चचा, शीतला प्रसाद सोनकर, मुजाहिद हुसैन, शहनवाज अहमद, दयाशंकर यादव, राजू पासी, गुलाम हुसैन, जुबैर अहमद, पकंज सिंह, जितेंद्र कुमार, आनंद सिंह, सुमित, राम सिंह प्रजापति आदि मौजूद रहे।