दोआबा में पिछले एक हफ्ते से कोरोना संक्रमण की चपेट में नए लोग तो कम आ रहे हैं। लेकिन इस बीच संक्रमण की जद में आए लोगों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को भी एक संक्रमित की मौत हुई। वहीं, जिले भर में छह नए पॉजिटिव केस मिले हैं।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि कोरोना पीड़ित 58 वर्षीय एक व्यक्ति कोविड एल-2 अस्पताल में कई दिनों से भर्ती था। बुधवार को इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए बुधवार को भी जिले भर में शिविर लगाकर 1964 संदिग्धों की कोविड जांच की गई। इतनी बड़ी संख्या में जांच के बाद भी केवल छह लोग पॉजिटिव निकले हैं।
अच्छी बात ये रही कि इस बीच संक्रमण की जद में रहे 43 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसी के चलते सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 149 हो गई है। इनमें से 114 मरीज होम आइसोलेट हैं। जबकि, गंभीर रूप से पीड़ित 35 मरीजों का विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है।