कसेंदा प्रसव केन्द्र पर रविवार को नवजात की मौत के बाद तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। प्रसव कराने में लापरवाही बरतने और एएनएम द्वारा सुविधा शुल्क मांगने का आरोप तीमारदारों ने लगाया था। उधर, एएनएम ने तीमारदारों पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
कसेंदा गांव की सपना देवी पत्नी अशोक कुमार को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। घर वालों ने उसे गांव के ही प्रसव केन्द्र में आशा बहू के साथ ले जाकर भर्ती करा दिया। वहां प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई। बच्चे की मौत से भड़के परिजनों ने प्रसव कराने में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
प्रसव केन्द्र में हंगामा देख मौके पर अन्य लोगों की भी भीड़ जमा हो गई। मौजूद लोगों ने किसी तरह समझाते हुए लोगों को शांत कराया। प्रसूता की हालत बिगड़ती देख घर वालों ने उसे इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रसूता के परिजनों का आरोप है सुविधा शुल्क नहीं देने पर मरीज के साथ प्रसव केन्द्र में मारपीट की गई।
उधर एएनएम का कहना है कि प्रसूता ने मृत बच्चे को जन्म दिया था। प्रसूता के परिजनों ने उसके साथ जबरन अभद्रता की है। एएनएम ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।