मंझनपुर-नारा मार्ग पर तहसील से करीब एक किलोमीटर आगे स्थित तन्नापुर पुलिया हादसों का केंद्र बनती जा रही है। पुलिया की दोनों तरफ बनी सुरक्षा दीवार बड़े वाहनों की टक्कर से लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। इसके बावजूद, जिम्मेदार विभाग इसकी मरम्मत कराने की सुध नहीं ले रहा है। नतीजतन, राहगीरों की जान जोखिम में बनी हुई है।
स्थानीय निवासी बासदेव के मुताबिक, पिछले चार महीने के भीतर यहां तीन बड़े हादसे हो चुके हैं। अगस्त में टेनशाह आलमाबाद निवासी एक युवक की बाइक नहर में गिरने से मौत हो गई।
वहीं, बुधवार शाम को भी करारी के बभनपुरा गांव निवासी मजदूर शिवनारायण पुल के नीचे गिर गए। इससे उनकी जान चली गई। पुलिया संकरी होने के साथ ही मोड़ पर सड़क घुमावदार है। ऐसे में, रात के अंधेरे में रेलिंग न होने से वाहन चालकों को रास्ते का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की सुरक्षा दीवार टूटने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद, इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। उधर, पुलिया की जिम्मेदारी को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई विभाग के बीच खींचतान बनी हुई है। इस विभागीय अनदेखी का खामियाजा आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
हजारों राहगीरों और स्कूली बच्चों की आवाजाही
इस मार्ग से नारा, चकनारा, कैनी, दुवरा चौराहा, उदिहिन, ओसा, मंझनपुर बाजार व तहसील सहित धाता जाने वाले लोग गुजरते हैं। इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। पुलिया से कुछ दूरी पर एक इंटर कॉलेज भी स्थित है। इसके कारण बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। इसके बावजूद, यहां सड़क सुरक्षा से संबंधित कोई संकेतक बोर्ड (साइनबोर्ड) नहीं लगाया गया है, जबकि सकरी पुलिया, घुमावदार सड़क और धीमी गति से वाहन चलाने जैसे संकेतक होना बेहद जरूरी हैं।
अंधेरे में गुजरते हैं वाहन, बनी रहती है हादसे की आशंका
स्थानीय दुकानदार वीरन और गौतम बताते हैं कि पुलिया और चौराहे पर प्रकाश (रोशनी) की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। रात में अंधेरा होने के कारण रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता। वहीं, सामने से आ रहे वाहनों की हेडलाइट पड़ने पर दूसरे चालकों को कुछ नहीं दिखता। इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
लोगों ने पुलिया की क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत कराने, सड़क सुरक्षा संकेतक बोर्ड लगवाने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की है।
तन्नापुर नहर पुलिया की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। मौके का निरीक्षण कराने के बाद क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार और रेलिंग की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। — सुंदर लाल वर्मा, अधिशासी अधिकारी, सिंचाई विभाग