सैनी कोतवाली क्षेत्र के अटसराय रेलवे स्टेशन के नजदीक डीएफसीसी लाइन पार कर रहे वृद्ध की मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मच गया।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के हिसामपुर माढों का मजरा बनियन का पुरा निवासी छेद्दू अग्रहरी पुत्र मेवालाल गुरुवार की सुबह घर से हिसामपुर माढों गांव जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो रेलवे लाईन पार करने के लिए ग्रामीण ट्रैक के नीचे बनी पुलिया से होकर आवागमन करते थे। लेकिन बारिश के दौरान पुलिया में पानी भर जाने की वजह से छेददू रेलवे ट्रैक के ऊपर से डीएफसीसी रेल लाइन पार कर रहा था।
इस दौरान सामने से आ रही मालगाड़ी के चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। मौजूद लोगों ने हादसा देख रेलवे व पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर औपचारिकता पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर वृद्ध के घरवालों को मिली तो घर में कोहराम मच गया।