घर से लापता युवक का नाले में उतराता मिला शव
- तीन दिन पहले युवक घर से शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला था
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली के केसरिया गांव में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर स्थित निर्माणाधीन नाले में उतराता मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह बीमार रहते थे। तीन दिन पहले वह घर शौच के लिए जाने के लिए केसरिया गांव के समीप नाले की तरफ जाने की बात कहकर निकले थे, फिर वापस नहीं लौटे।
केसरिया गांव में हाईवे किनारे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार सुबह लोग नाले की तरफ गए तो एक व्यक्ति का शव नाले में उतराता मिला। घटना की जानकारी के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी आ गई। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा और इंस्पेक्टर जेके शर्मा ने शव बाहर निकलवाया तो उसकी शिनाख्त केसरिया गांव के मानसिंह (35) के रूप में हुई। मानसिंह की पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जाहिर की है कि पति की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। उनका इलाज चल रहा था। पैर फिसलने की वजह से पति की नाले के पानी में डूब मौत हुई होगी। मानसिंह के लापता होने के बाद से ही परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि घरवालों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।