रिश्तेदार के यहां से बाइक लेकर निकला था घर के लिए
घटनास्थल पर पहुंचे शिवप्रकाश ने शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस को बताया कि मृतक उनके बहनोई अमरचंद्र का छोटा भाई रुपचंद्र (30) पुत्र रघुनाथ निवासी नौढ़िया तरहार थाना लालापुर जनपद प्रयागराज का है।शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शिवप्रकाश मृतक के परिजनों का नंबर लेकर घटना के बारे में उन्हें जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद एक घंटे में ही रोते बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज भेज दिया। मृतक के बड़े भाई लालचंद्र ने बताया कि बुधवार को उसके रिश्तेदार एयरपोर्ट कोतवाली के चिल्ला गांव के प्रकाश के यहां तेरहवीं का कार्यक्रम था सभी घर के लोग वहीं शामिल होने आये थे। बृहस्पतिवार सुबह सभी लोग नौढ़िया गांव चले गए जबकि उनका छोटा भाई रुपचंद्र बाद में घर वापस आने की बात कहकर चिल्ला गांव में रुक गया था। शाम तक जब वह गांव नहीं पहुंचा तो रिश्तेदार प्रकाश के यहां फोनकर जानकारी लेने पर बताया गया कि वह सुबह सात बजे ही बाइक लेकर नौढ़िया जाने की बात कहकर निकल गये थे।
फिलहाल रुपचंद्र की मौत कैसे हुई,उसकी हत्या हुई है या फिर कोई हादसा हुआ है इस बारे में घरवालों के साथ ही पुलिस भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही है। मामले में इंस्पेक्टर बृजेश करवरिया ने बताया कि शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, युवक की मौत कैसे हुई इस बात की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकती है। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया युवक की मौत हीट स्ट्रोक जैसी लग रही है,सिर पर लगी चोट के बारे में पूछताछ करने उनका कहना था कि चोट बेचैनी में गिरने से भी लग सकती है।