कोखराज थाना क्षेत्र के असवा गांव में मंगलवार सुबह बाग में जामुन के पेड़ की डाल पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
मृतक की पहचान साहिल उर्फ दिलीप (22) निवासी असवा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह बिजली वायरिंग का काम करता था और परिवार में तीन भाइयों में मझला था। बड़ा भाई अवधेश उर्फ राजा इलेक्ट्रिक की दुकान चलाता है, जहां साहिल भी काम में सहयोग करता था, जबकि छोटा भाई देवा भी दुकान में हाथ बंटाता था।
मृतक के दादा जगजीवन की तहरीर पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में चीखपुकार मचा है। वहीं बीते सोमवार को इसी गांव में एक किशोरी का भी शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला था। लगातार हुई दूसरी घटना से गांव के लोगों में अलग-अलग चर्चा का माहौल बना हुआ है।
सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।