मितुवापुर से बच्चे का मुंडन कराने मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की कार में रविवार रात सतना के समीप डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
संदीपनघाट के मितुवापुर गांव निवासी श्रमिक राजू रैदास रविवार शाम वह परिजनों के साथ बच्चे का मुंडन कराने कार से मैहर जा रहे थे। राजू के मुताबिक रात करीब 11:30 बजे सतना के सोनौर चौराहे के समीप पीछे से आ रही बेकाबू डीसीएम ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार के पीछे का हिस्सा दबकर उसकी मां चंदू देवी रैदास (60) को लगा। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि, कार में सवार बहन अर्चना रैदास, जीजा जापान रैदास, सुंदरमनी, प्रियांशी, सिद्धि, ऋषभ, विमला देवी, वर्षा, मंजू देवी और विजय प्रकाश घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पाकर आई पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी पर घायलों के परिजन भी सतना पहुंच गए हैं।