मंझनपुर। बालिका दिवस यानि चाइल्ड डे के मौके पर रैली निकालकर मंझनपुर में शनिवार को बेटी बचाओ की अलख जगाई गई। डायट मैदान से पीएचसी मंझनपुर के बीच निकाली गई इस रैली में स्कूली बच्चों के साथ बीटीसी प्रशिक्षु और स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर,कर्मी शामिल रहे।
देश में लड़के-लड़कियों की संख्या बराबर करने का संदेश लेकर शनिवार को बालिका दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मंझनपुर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता रैली भी आयोजित की गई। डायट मैदान मंझनपुर से इस रैली को जिलाधिकारी राजमणि यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल स्कूली बच्चे, बीटीसी प्रशिक्षु और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी रास्तेभर बेटी बचाओ, भ्रूण हत्या रोको, लड़कियों को शिक्षित बनाओ जैसे नारे लगाते हुए घूमे। डायट से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंझनपुर तक निकाली गई इस रैली के समापन पर सीएमओ डॉ. आरके मिश्र ने कहाकि कोख में लड़के-लड़कियों की जानकारी हासिल करना अपराध है।
उन्होंने इसकी जांच कराने से बचने का आह्वान लोगों से किया। साथ ही कहा कि लोगों को अब अपनी इस मानसिकता को दूर करना होगा, कि लड़के ही घर के चिराग होते हैं। कहाकि अब लड़कियां भी घर की रोशनी बन चुकी है। वे किसी भी क्षेत्र में अब लड़कों से कम नहीं है। यदि उनकी ठीक ढंग से परवरिश और शिक्षा दी जाए, तो वे भी घर, परिवार, समाज और देश का नाम रौशन करने में किसी से पीछे नहीं रहेंगी। उन्होंने अभिभावकों से लड़कियों को भी लड़कों के समान उच्च शिक्षा दिलाकर अपने पैरों पर खड़ा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।