मेरठ में प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर शव ड्रम में भरने की घटना लोगों की जेहन से उतर नहीं पाई कि, करारी इलाके में ऐसी ही धमकी एक बेटी ने अपनी मां को दे दी। दहशतजदा मां की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। करारी इलाके की एक महिला ने बताया कि उसकी 18 वर्षीय बेटी गांव के युवक से प्रेम करती है। युवक ने उसे मोबाइल दे रखा है। जिस पर दोनों बातचीत करते हैं।
परिवार वालों ने युवती का रिश्ता तय किया तो युवक ने तोड़वा दिया। बेटी को मां समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन वह नहीं मान रही। इन दिनों महिला ने बेटी पर बंदिश लगाना शुरू किया तो युवक घर पर चढ़कर गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित मां ने बृहस्पतिवार को पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया कि बेटी व उसके प्रेमी ने हत्या कर शव ड्रम में भरने की धमकी दी है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।