दबंगों ने दंपति को पीटा, किया फायर
करारी कोतवाली क्षेत्र के सल्लहा गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी कोतवाली क्षेत्र के सल्लहा गांव में रंजिश के चलते पड़ोस के दबंगों ने एक दंपति की पिटाई कर दी। बाद में जान लेने की नीयत से युवक पर फायर झोंक दिया। गनीमत यह रही कि गोली लगी नहीं। पीड़ित ने शनिवार को एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
सल्लहा निवासी शांति देवी पत्नी सीताराम ने बताया कि पड़ोस के दबंगों से उसके परिवार की रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़िता की मानें तो नौ जुलाई की शाम भी दबंग अपशब्द बोल रहे थे। ऐतराज जताने पर घर में घुसकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पति सीताराम को भी पीटा। सीताराम पर तमंचे से फायर झोंक दिया। अच्छा ये रहा कि गोली लगी नहीं। दिनदहाड़े फायरिंग की आवाज सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दिया। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने करारी कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।