दबंगों ने पांच को लोगों को पीटा
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के सौरई बुजुर्ग गांव का मामला, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
कड़ा। इलाके के सौरई बुजुर्ग गांव में रविवार सुबह रंजिश में पड़ोस के दबंगों ने एक परिवार के तीन सदस्यों की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे दो पड़ोसियों की भी पिटाई की। पीड़ित पक्ष की तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सौरई बुजुर्ग निवासी राममूरत शर्मा ने बताया कि पड़ोस के दबंगों से उसकी रंजिश है। इसे लेकर वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित की मानें तो रविवार सुबह वह मवेशियों को चारा खिलाने जा रहा था। इसी बीच रास्ते में रोककर दबंग अपशब्द कहने लगे। ऐतराज जताने पर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के विष्णुमूरत शर्मा, श्याममूरत शर्मा व पड़ोसी शिवशंकर तथा जटाशंकर को भी पीटा। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दिया। मामले में कड़ा कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिली है। रिपोर्ट लिखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।