गूगल पर एक कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ा। फोन करने पर साइबर अपराधी ने एक लिंक भेजा ऊर उसे डाउन लोड करने को कहा। लिंक डाउन लोड करने के कुछ घंटे बाद युवक के खाते से दो किश्त में 77 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिया गया। घटना की तहरीर करारी कोतवाली पुलिस को दी गई है।
अमीनपुर संवरो निवासी मो. साकिब ने बताया कि वह ऑनलाइन बैकिंग का इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए उन्होंने फोन पे पर अकाउंट बना रखा है। साकिब के मुताबिक पिछले दिनों उन्होंने ऑनलाइन पॉवर बैंक खरीदा था। पॉवर बैंक खराब था। उसे वापस करने के लिए उन्होंने गूगल पर पॉवर बैंक बनाने वाली कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। गूगल में नंबर सर्च करने पर जो नंबर मिला उसपर साकिब ने फोन किया। कॉल रिसीव करने वाले ने एक लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने को कहा। झांसे में आए साबिक ने लिंक डाउन लोड किया तो उनके खाते से 77 हजार 90 रुपये कटने का मैसेज आ गया। साकिब ने तत्काल बैंक जाकर अपना खाता बंद कराया। बुधवार को मोबाइल नंबर धारक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
साइबर सेल के प्रभारी विजय यादव का कहना है गूगल में साइबर अपराधी विभिन्न कंपनियों, बैंक आदि के फर्जी नंबर से कस्टमर केयर के नाम से डाल देते हैं। यह फेक साइट होती है। इसमें फ्रॉड की संभावना रहती है। साइट के नाम में बहुत ही मामूली अल्फाबेड का बदलाव किया जाता है। ऐसे नंबरों से सावधान रहने की जरूरत है। कंपनी या फिर बैंक की अधिकृत साइट का ही प्रयोग किया जाए। अनजान नंबर के लिंक को बिल्कुल भी टच न करें।