भरवारी(ब्यूरो)। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर भरवारी स्टेशन पर मालगाड़ी के तेल भरे वैगन से पेट्रोल निकालने की कोशिश करते समय शनिवार को करंट लगने से एक युवक झुलस गया। हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया। चीख-पुकार पर भीड़ जुट गई। लोगों ने आनन-फानन युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाहाबाद की ओर से कानपुर की ओर शनिवार की सुबह करीब 10 बजे तेल भरे वैगन को लेकर मालगाड़ी जा रही थी। सिग्नल नहीं मिलने से मालगाड़ी भरवारी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी थी। बताया जाता है कि इसी दौरान पुरानी बाजार भरवारी निवासी अफसर (20) पुत्र चट्टू मालगाड़ी के वैगन के ऊपर चढ़कर पेट्रोल निकालने की कोशिश करने लगा। तभी बिजली का तार उसके हाथ में छू गया। हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से वह झुलसकर वैगन से नीचे आ गिरा। झुलसने और गिरने से आई चोट से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, हादसा देख आस-पास मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने पहचानने के बाद युवक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। साथ ही उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद से झुलसे युवक के परिजनों का हाल बेहाल है। परिजनों का कहना है कि युवक का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। उधर, जीआरपी घटना की तफ्तीश में जुटी है। स्टेशन मास्टर रामलौटन में बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।