मंझनपुर के गांधी नगर स्थित अर्बन पीएचसी में मरीज का इलाज करते सीएमओ। स्रोत: स्वयं
जिले के 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और तीन अर्बन पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें मरीजों की जबरदस्त भीड़ रही। इस बार सबसे अधिक मरीज बुखार, खांसी, जुकाम और कमजोरी से पीड़ित पाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जिले के 36 स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित आरोग्य मेलों में कुल 1703 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से छह मरीजों को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर चिकित्सकों की अलग-अलग टीम तैनात थी।
मरीजों की सुविधा के लिए दवा वितरण, रक्तचाप और शुगर जांच, टीकाकरण व परिवार नियोजन सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मेले में कुल 57 चिकित्साधिकारी और 137 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई।
शिविर के दौरान सभी केंद्रों में 12 गोल्डन कार्ड और 86 आभा आईडी भी बनाई गई है। सीएमओ ने बताया कि यह मेला ग्रामीणों और शहरी गरीबों के लिए सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने लोगों से मौसम के बदलते दौर में साफ-सफाई रखने, उबला पानी पीने और ठंडी वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी। शिविर के दौरान सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने मंझनपुर के गांधी नगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करारी एवं शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर समदा का निरीक्षण किया।