पुरुषोत्तम मास के तीसरे सोमवार को मां शीतला के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
शक्तिपीठ मां शीतला धाम में पुरुषोत्तम मास के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने पहले कड़ा के विभिन्न घाटों पर स्नान किया। फिर नारियल, चुनरी, माला, प्रसाद, फूल, निशान और झंडा लेकर मां शीतला के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे। भीषण गर्मी के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पंडा ने बताया कि धाम में प्रदेश के विभिन्न जिलों वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, प्रयागराज, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, बांदा, चित्रकूट और अमेठी समेत दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र जयकारों से गूंजता रहा।