कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार शाम प्रेमी की पिटाई से आहत एक किशोरी कुएं में कूद गई। पुलिस ने प्रेमी युगल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि लड़की की मौत हो गई है।
कौशाम्बी क्षेत्र की एक लड़की कक्षा नौ की छात्रा है। बीमार होने से उसकी मां सरायअकिल स्थित अस्पताल में भर्ती है। घर सूना होने का फायदा उठाकर रविवार शाम किशोरी ने चरवा इलाके में रहने वाले अपने प्रेमी को बुला लिया। दादी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने भी युवक की पिटाई की। इससे क्षुब्ध किशोरी कुएं में कूद गई। यह देख परिजन और गांव वाले सहम गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को कुएं से निकालने के बाद बारा सीएचसी मेें भर्ती कराया। पिटाई से घायल युवक को भी इसी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताते हैं कि इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। कौशाम्बी इंस्पेक्टर उमाशंकर यादव का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।