संदिग्धदशा में कोरीपुर गांव के एक युवक की रविवार की रात मौत हो गई। सुबह घर के भीतर उसका शव फंदे से लटकता मिला। गांव में घटना को लेकर तमाम चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस घरेलू कलह से तंग आकर खुदकुशी करना बता रहा है। पुलिस को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चलेगा।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के कोरीपुर गांव निवासी श्रीकेश सरोज (32) पुत्र मोतीलाल चार भाई था। वह अपने बड़े भाई के साथ रहता है। जबकि दो अन्य भाई अलग मकान बनाकर रहते हैं। जिस भाई के साथ वह रहता है। वह भी इलाहाबाद में मजदूरी करता है। घर में भाभी और उसके बच्चे ही रहते हैं। श्रीकेश की भी शादी हो चुकी थी, लेकिन शादी के करीब सालभर बाद ही अनबन होने पर पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इधर, रविवार की रात श्रीकेश की भी संदिग्धदशा में मौत हो गई। सुबह जब भतीजे-भतीजी सोकर उठे, तो उसकी लाश फंदे से लटकती देख वह सन्न रह गए।
बच्चों की चीख-पुकार पर गांववाले जमा हो गए। सूचना पर इलाकाई पुलिस भी आई। इस दौरान पुलिस और ग्रामीण उसकी भाभी की बावत जानकारी लेते रहे, लेकिन वह घर में नहीं मिली। बच्चों ने बताया कि वह मायके गई है। पुलिस ने बच्चों के साथ ही गांववालों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि युवक के घरेलू कलह से तंग आकर खुदकुशी की है। जबकि घटना को लेकर गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हैं।