नेवादा। शादी का झांसा देकर सरायअकिल इलाके की एक युवती की इज्जत से रिश्तेदार युवक खेलता रहा। अब वह शादी करने से मुकर रहा है। पंचायत के बाद भी युवक के शादी करने को राजी नहीं होने पर युवती ने रविवार को मामले की तहरीर सरायअकिल कोतवाली पुलिस को दी। एसओ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि उसकी मौसी की ससुराल करारी इलाके के अषाढ़ा गांव में है। मौसी की देवरानी का बेटा रिश्तेदार होने के नाते अक्सर उसके घर आया-जाया करता था। इसी दौरान उसने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इतना ही नहीं शादी का झांसा देकर वह उसकी आबरू से भी खेलता रहा। युवती की मानें तो 25 मार्च और 10 अप्रैल को इस युवक ने उसके साथ शादी करने की बात कहते हुए जबरदस्ती भी की। आरोप है कि अब वह शादी करने से मुकरने लगा है।
इसकी उसने घरवालों को जानकारी दी। युवक की करतूतें सुनकर परिजन सन्न रह गए। इसे लेकर बिरादरी की पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन बिरादरी के लोगों के सामने भी युवक और उसके घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं हुए। युवक की इस दगाबाजी से सन्न युवती ने रविवार को भाई के साथ सरायअकिल आकर घटना की तहरीर दी। इसमें उसने युवक पर शादी का झांसा देकर दुराचार करने का आरोप भी लगाया है। मामले में एसओ विपिन त्रिवेदी ने बताया कि शिकायत मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है। सोमवार को दोनों पक्ष के लोगों को बुलाया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।