दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर सुजातपुर गांव के समीप ट्रेन की टक्कर से रिटायर्ड रेल कर्मी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कर्मी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोखराज थाना क्षेत्र के सुजातपुर बम्हरौली गांव निवासी राम आसरे (70) पुत्र ललई रेलवे का रिटायर्ड कर्मी था। बृहस्पतिवार को वह रिश्तेदारी गया था। शुक्रवार की सुबह वह घर लौट रहा था। वह रेलवे फाटक पार कर रहा था, इसी दौरान कानपुर की ओर से आई ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम भेजा। रेल कर्मी की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।