तिवारी का पुरवा गांव के सामने मंगलवार की शाम पांच बजे मिट्टी लद ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। ट्राली के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी परिजनों को मिली तो हाहाकार मच गया। महेवाघाट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पचामा कोरीपुर निवासी शंकर सिंह (48) ईंट-भट्ठे में मजदूर था। शंकर सिंह की तीन बेटियां व दो बेटे हैं। बड़ी बेटी हेमा सिंह की मई माह में शादी होने वाली है। उसकी शादी चित्रकूट के कुर्मियान में तय है। मंगलवार को शंकर सिंह पश्चिमशरीरा के एक भट्ठे से ट्रैक्टर ट्राली में बैठकर तिवारी का पुरा गांव में मिट्टी निकालने गया था। मिट्टी लादकर वह वापस लौट रहा था। तिवारी का पूरा गांव के ही समीप ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में शंकर सिंह ट्राली के नीचे दब गया। चालक के शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग इकट्ठा हुए। ग्रामीणों ने किसी तरह शंकर सिंह को बाहर निकाला। जब तक उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी होती, उसकी मौत हो गई। शंकर सिंह की मौत से उसकी बेटी हेमा सिंह, सुधा सिंह, शशि, बेटे पवन और अजीत का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी होने पर जांच को पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।