कोतवाली के टेंवा बाजार में शनिवार शाम को सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंद दिया। इसके बाद ट्रैक्टर महुआ के पेड़ से टकरा गया। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देखते ही बिलख पड़े। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के बरैसा गांव के रहने वाले अरुण कुमार पटेल किसान हैं। उनका बेटा प्रदीप कुमार (19) बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। दोपहर बाद वह बाइक से टेंवा बाजार सामान खरीदने आया था। टेंवा बाजार में सामने से आ रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार प्रदीप गिर गया। इसके बाद ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए निकल गया। ट्रैक्टर सड़क किनारे महुआ के पेड़ में टकरा गया। अचानक हादसे और प्रदीप की चीखपुकार सुन आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। मगर जब तक एंबुलेंस पहुंचती प्रदीप की मौत हो गई।
तड़प-तड़प कर तोड़ दिया दम
प्रदीप को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। उसकी पूरी शरीर खून से लथपथ हो गई। भरी सड़क पर आधे घंटे तक छटपटाता रहा। उसकी दर्द भरी चीख सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। दर्दनाक हादसा देख मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। एंबुलेंस का लोग इंतजार करते रहे, इस बीच उसकी सांसें थम गईं।