बेखौफ चोरों ने देवीगंज बाजार स्थित सराफा कारोबारी के घर को निशाने पर ले लिया। रविवार रात सूने पड़े घर में घुसकर चोर नगदी, गहना समेत तकरीबन दस लाख रुपए का माल समेट ले गए। सोमवार सुबह सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौका मुआयना किया। भुक्तभोगी से तहरीर लेकर पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। भरी बाजार हुई लाखों की चोरी से क्षेत्र में दहशत है।
सैनी कोतवाली के देवीगंज बाजार निवासी बब्लू सोनी पुत्र स्व. मुन्ना लाल सोनी सराफा कारोबारी है। बाजार में उसके दो घर हैं। पुलिस चौकी के समीप बने पुराने घर में वह पत्नी रीता के साथ रहता है।
जबकि नए घर में परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। रविवार को उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर वह उसे लेकर सीएचसी इस्माइलपुर गया था। डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल के नजदीक स्थित पुराने घर में ही दंपति रुक गए। इसी बीच आधी रात को उसके सूने पड़े घर में चोर छत के रास्ते अंदर घुस गए। पूरे इत्मीनान के साथ चोरों ने कमरे में रखी चारों आलमारियों के ताले तोड़कर पांच लाख रुपए नगदी, सोने-चांदी के गहने कपड़े, टीवी समेत तकरीबन दस लाख रुपए कीमती सामान पार कर दिया। सुबह पड़ोसी की खबर पर घर पहुंचे बब्लू ने घर के अंदर का नजारा देखा तो उसके होश उड़ गए। सूचना के बाद पहुंचे सीओ सिराथू अंशुमान सिंह, कोतवाल वाईपी सिंह, देवीगंज चौकी पुलिस के साथ ही डाग स्क्वायड टीम के साथ मौका मुआयना किया। भुक्तभोगी की तहरीर लेकर पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।