बेखौफ चोरों ने बुधवार की रात भरवारी बाजार में स्थित एक साइकिल स्टोर खंगाल लिया। सेंध काटकर दुकान से चोर नगदी के अलावा टायर, ट्यूब, रिम समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान ले भागे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करके रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं बाजार में हुई चोरी की इस घटना से अन्य दुकानदारों के होश उड़े हुए हैं।
कोखराज थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव निवासी हेमराज सरोज की भरवारी कस्बे में मेहता डिग्री कालेज के समीप साइकिल स्टोर है। बुधवार की शाम वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर चला गया। रात में सेंध काटकर चोर उसकी दुकान में घुस गए। वहां से चोर बिक्री का रखा दो हजार रुपये के अलावा टायर, ट्यूब, रिम के अन्य साइकिल के अन्य पार्ट्स उठा ले गए। सुबह आसपास के लोगों ने दुकान का शटर खुला और सामान बिखरा देखा, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना लगते ही कस्बाइयों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की सूचना पर भुक्तभोगी दुकानदार भी भागकर मौके पर पहुंचा। दुकान साफ देख वह सन्न रह गया। उसने तत्काल घटना की जानकारी भरवारी चौकी पुलिस को दी। सूचना पर आई चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया। भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस चोरों का पता लगाने में जुटी है। घटना से आहत दुकानदार ने बताया कि चोर उसकी दुकान से करीब 50 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। वहीं घटना से कस्बे के अन्य दुकानदारों के होश उड़े हैं। सरेबाजार हुई चोरी से लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि बाजार में दो-दो पुलिस चौकी है। एसपी ने पैदल गश्त का निर्देश दे रखा है। इसके बाद भी कस्बे में सिपाही गश्त नहीं करते हैं। इसके कारण ही रोजाना चोरी की घटनाएं हो रही है। मंगलवार की रात भी चोरों ने सरायअकिल क्षेत्र की एक बाजार से बर्तन और परचून की दुकान से इसी तरह से लाखों रुपये का सामान पार कर दिया था।