बेखौफ सशस्त्र चोरों ने सोमवार रात गांजा गांव में चोरी की घटना को अंजाम दिया। सेंध काटकर बदमाशों ने दो घरों से नगदी, गहने, बर्तन, कपड़े समेत लाखों का माल पार किया। इस दौरान खटपट की आवाज पर जागे गृहस्वामी के शोर मचाने पर चोराें ने बेरहमी से पिटाई भी की। हालांकि चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों में दो को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके अन्य बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं सोमवार को बेहन का पुरा गांव और करारी में भी वारदात हुई।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के गांजा गांव निवासी सचान सिंह के घर सोमवार देर रात सेंध लगाकर बदमाशों ने अलमारी और संदूक, अटैची आदि का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये, सोने-चांदी के गहने, कपड़े, बर्तन समेत करीब दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोसी बुलाकी सिंह के घर में सेंध लगाई। बदमाश तकरीबन पांच हजार रुपये, गहने, बर्तन, कपड़े आदि उठा ले गए। हालांकि लूटपाट के दौरान खटपट की आवाज से बुलाकी की नींद टूट गई। इसने शोर मचाया, तो बदमाशों ने उसे धरदबोचा और बेरहमी से पिटाई की। पीटने के बाद बदमाश भागने लगे।
चीख-पुकार सुनकर गांववाले मौके पर आए। ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया। साथ ही इनमें से दो लोगों को दौड़ाकर धरदबोचा। घटना की जानकारी पिपरी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही मौका मुआयना करने के बाद भुक्तभोगियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पकड़े गए लुटेरों को जेल भेज दिया है। एसओ पीके यादव ने बताया कि हत्थे चढ़े युवकों से साथियों के नाम पते की जानकारी ले ली गई है। इनकी भी तलाश की जा रही है।
वहीं कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बेहन का पुरवा गांव निवासी शमसेर सिंह की बेटी की अप्रैल मेें शादी है। बताया कि बेटी की शादी के लिए उसने गहने, बर्तन, कपड़े आदि खरीद लिए थे। सोमवार रात सेंध लगाकर चोरों ने कमरे और संदूक का ताला तोड़कर 10 हजार, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन समेत करीब दो लाख रुपये का सामान पार कर दिया। सुबह उठी उसकी पत्नी ने कमरे में बिखरा सामान देखा, तो उसके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस भी आई। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 14 फरवरी की रात कोखराज के भरवारी कस्बा निवासी रमेश चंद्र के घर से चोर 1.50 लाख रूपये के अलावा करीब तीन लाख के जेवर उठा ले गए थे। रमेशचंद्र की बेटी की शादी 27 फरवरी को होनी है। करारी कस्बे के अंसारगंज के रहने वाले सुल्तान हैदर के घर सोमवार रात चोर दीवार फांदकर घुस गए। कमरे का ताला तोड़कर 32 हजार रुपये, सोने की बाली, बूंदा, पायल आदि गहने, मोबाइल, बर्तन, कपड़े आदि उठा ले गए। सुबह उठने पर आंगन में बिखरे कपड़े, खाली बैग देख घरवालों के होश उड़ गए। पुलिस मौका मुआयना करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।