चायल (ब्यूरो)। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के एक युवक ने बृहस्पतिवार की रात जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। चर्चा है कि रात में परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदपुर गांव निवासी गोरे लाल (21) पुत्र हीरालाल बृहस्पतिवार की रात टहलने के बाद घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि घरलू काम-काज नहीं करने और इधर-उधर टहलने को लेकर परिजनों ने फटकार लगाई। यह बात उसे बहुत बुरी लगी।
परिणामस्वरूप परिजनों की मिन्नत के बाद भी उसने खाना नहीं खाया। चर्चा है कि रात में युवक कोई जहरीला पदार्थ निगल कर सो गया। आधी रात को हालत बिगड़ती देख घबराए घरवाले जब तक उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाते उसकी सांसें थम चुकी थीं। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।