मंझनपुर। सैनी इलाके के एक गांव की किशोरी को शादी का झांसा देकर इलाहाबाद के दो युवकों ने सौदा कर दिया। खोजबीन के बाद बृहस्पतिवार को पीड़ित पिता ने सैनी कोतवाली में एफआईआर दर्ज करा दी है। पीड़ित पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस किशोरी के साथ युवकों की तलाश में जुटी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी पखवारे भर पहले संदिग्ध दशा में घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन के बाद जाना कि रिश्तेदारी में गांव आए इलाहाबाद के दो युवक शादी का झांसा देकर उसे भगा ले गए। बेटी की तलाश में पीड़ित मां खोजते हुए युवकों के घर पहुंची तो वह नहीं थी। पीड़ित किशोरी की मां का आरोप है कि शादी का झांसा देकर भगाने के बाद युवकों ने उसकी बेटी को कहीं ले जाकर बेच दिया है।
इसके बाद युवक घर छोड़कर फरार हो गए हैं। बेटी के सौदे की जानकारी के बाद बृहस्पतिवार को पीड़िता की मां सैनी कोतवाली पहुंची और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने धूमनगंज थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव के दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी श्री प्रकाश यादव ने बताया कि किशोरी को युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गए हैं। किशोरी का सौदा हुआ या फिर युवक ही उसे कहीं रखे हैं, यह पता बाद में चलेगा। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।