मंझनपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में गुरुवार को अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें अपराध के बढ़ते ग्रॉफ और लंबित विवेचनाओं का निस्तारण नहीं होने को लेकर एसपी बिफर पड़े। उन्होंने कोतवालों को जमकर फटकारा। साथ ही मनमानी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
पुलिस कप्तान प्रदीप गुप्ता के निशाने पर हाईवे के कोतवाल रहे। एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर 24 घंटे नजर रखने की जरुरत है। ढिलाई का नतीजा है कि अपराधी दूसरे जनपदों में हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंक जाते हैं। अज्ञात शवों की शिनाख्त और इन घटनाओं का खुलासा नहीं होने को लेकर एसपी ने कोखराज तथा पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर को फटकार भी लगाई। सैनी कोतवाल को भी हिदायत दी। कहा कि विवेचनाओं का समय पर निस्तारण होना चाहिए। लापरवाह विवेचकों को लाइन का रास्ता दिखाया जाएगा।
एसपी ने तल्ख लहजे में कहा कि अपराध किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए। हो तो फिर उसका वर्कआउट भी 24 से 48 घंटे के भीतर होना चाहिए। एसपी ने कुंभ के मद्देनजर जिले से गुजरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी निर्देश दिया। इस महीने बेहतर काम करने के लिए करारी इंस्पेक्टर राजेश सिंह पुलिस पर्सन ऑफ द मंथ चुने गए। एसपी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। करारी कोतवाली के आरक्षी विष्णुपाल सिंह को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।