चरवा के बेरुआ चौराहा के समीप स्थित एक आभूषण की दुकान शनिवार रात चोर खंगाल ले गए। सेंध काटकर दुकान में घुसे चोर नगदी समेत लाखों रुपये के सोने व चांदी के जेवरात उठा ले गए हैं। रविवार सुबह कारोबारी की सूचना पर चरवा थाने की पुलिस ने जांच-पड़ताल की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा।
बेरुआ निवासी भैयालाल पुत्र राधेश्याम ने चौराहा के समीप आभूषण की दुकान खोल रखी है। शनिवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोर दुकान के पीछे की दीवार में नकब काटकर अंदर घुसे। इसके बाद गल्ले में रखा 6 हजार रुपया समेत आलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख कीमत के सोने व चांदी के जेवर पार कर दिए। सुबह पड़ोसियों ने देखा तो इसकी जानकारी भैयालाल को दी। वह भागकर दुकान आए। चोरों ने दीवार में दो जगह सेंध लगाई थी।
सूचना चरवा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। भैयालाल ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन शाम तक मामला नहीं दर्ज हो सका था।