सरायअकिल के मेडुवा सलेमपुर में बुधवार रात घर के बाहर सो रहे राजगीर रमेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे भाग निकले हैं। पत्नी व छोटे भाई के शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हुए तो पुलिस को सूचना दी गई। सरायअकिल थाने की पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मेड़ुवा सलेमपुर निवासी रमेश कुमार (28) राजगीर था। रमेश के पिता रामखेलावन किसान हैं। रमेश का छोटा भाई सुरेश घर से दस मीटर की दूरी पर अलग रहता था। रमेश बुधवार की रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। बगल में उसकी पत्नी कुलिया अपने दो बेटों व एक बेटी के साथ सो रही थी। रात करीब साढ़े दस बजे रमेश कुमार को सोते समय तमंचे से दो गोली मारी गई। एक गोली मिस हो गई तो हत्यारे ने तमंचे से दूसरा फायर किया। गोली रमेश के दाहिने ओर सीने में लगी।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायर होते ही रमेश की पत्नी कुलिया चिल्लाने लगी तो मोहल्ले के लोग जग गए। दस कदम की दूरी पर सो रहा रमेश का छोटा भाई सुरेश भी आ गया। सूचना सरायअकिल थाने की पुलिस को दी गई। मौके पर एसओ राकेश सरोज फोर्स के साथ पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में सरायअकिल थाने की पुलिस ने रमेश के पिता, पत्नी व छोटे भाई से पूछताछ की, लेकिन घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका। रमेश की गांव में किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। पिता की तहरीर पर सरायअकिल थाने की पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।