रास्ते की जमीन पर कब्जे को लेकर शाहपुर टिकरी गांव में तनातनी बनी हुई है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सचिव राजस्व परिषद के साथ ही अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की। सचिव के निर्देश पर डीएम ने एसडीएम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंझनपुर तहसील क्षेत्र के शाहपुर टिकरी गांव निवासी चम्पालाल, सुरेशचंद्र, बलवीर सरोज, सुधाकर सिंह, धीरसिंह, चंदीलाल, बुदुन राम, पंचमलाल, विजय प्रकाश आदि ने बताया कि उनके गांव में जिस पुराने रास्ते से ग्रामीणों का खेत की ओर आना-जाना था।
इस रास्ते को अपनी जमीन बताते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इससे गांववालों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि रास्ते पर कब्जे का विरोध करने पर कब्जेदार मारपीट पर अमादा हो जाते हैं। ग्रामीणों को धमकियां दी जाती हैं। लोगों की मानें तो 3 नवंबर 2014 को इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। सुनवाई नहीं होने से शुक्रवार को गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सचिव राजस्व परिषद के साथ एडीएम को शिकायतीपत्र दिया। सचिव के निर्देश पर जिलाधिकारी राजमणि यादव ने एसडीएम मंझनपुर को गांव जाकर जमीन की पैमाइश कराने और रास्ते की जमीन को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए हैं।